भण्डारी जी को अपने गृह क्षेत्र से बढ़त मिलते बदरीनाथ विधान सीट पर लगाई जीत की मुहर…
गोपेश्वर। बदरीनाथ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी की जीत उनके गृह क्षेत्र पोखरी पर टिकी रही। जोशीमठ से लगातार आगे रहे भाजपा प्रत्याशी महेंद्र भट्ट को दशोली तक भी अच्छी वोट मिलती रही। फलस्वरूप वे बढ़त पर रहे, लेकिन 8वें राउंड के बाद उनकी वोट का ग्राफ गिरने लग गया था।
स्थिति यह रही कि 8वें राउंड में भाजपा के प्रत्याशी महेंद्र भट्ट कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी से मात्र 01 वोट से आगे रहे। इसके बाद 11वें राउंड की मतगणना पोखरी ब्लॉक के बूथों से शुरू हुई तो भाजपा का वोटिंग ग्राफ कम होता गया और राजेंद्र भंडारी ने 400 की लीड देकर बढ़त बना ली, इसके बाद भाजपा पिछड़ती चली गई और 12वें राउंड तक कांग्रेस ने 1262 मतों की लीड हासिल कर अपनी जीत पक्की कर ली। हालांकि भाजपा के प्रत्याशी महेंद्र भट्ट का भी गृह क्षेत्र पोखरी है, लेकिन उन्हें अपने क्षेत्र से कम मत प्राप्त हुए।